आजाद बिंद दूल्हा को जल्द मिले न्याय । वीर एकलव्य व फूलन देवी यादगार समिति गाजीपुर

 आज दिनांक 1जून 2026 को वीर एकलव्य व फूलन देवी यादगार समिति गाजीपुर के तत्वावधान में इस संस्था के अध्यक्ष डा.नन्दलाल बिन्द की अध्यक्षता में सरजू पांडे पार्क में आजाद बिंद दुल्हा के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार व हत्यारों का एनकाउंटर करने, पीड़ित परिजनों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ साथ एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद करने, प्रदेश में बढ़ रहे अपराध पर रोक लगाने तथा फर्जी मुकदमे, पुलिसिया जुल्म और बेतहाशा बढ़ रही गुंडागर्दी पर रोक लगाने की मांग के साथ विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। इस धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पुर्व जिला पंचायत सदस्य एवं समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सूरज राम बागी ने पूरे प्रदेश में लगातार हो रहे हत्या की घटनाओं पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सूबे की धरती लहूलुहान है। उन्होंने जौनपुर के आजाद बिंद दुल्हा की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रदेश में खूनी दौर चल रहा है। चारों तरफ नाइंसाफी और जोर जुल्म का बोलबाला है। इस राज में चारों तरफ जंगलराज कायम है। सत्ता एवं पुलिस संरक्षित अपराधी सर चढ़ कर बोल रहे हैं। उनमें न कानून का खौफ है न पुलिस का डर। सत्ता के संरक्षण में अपराधी फल-फूल रहे हैं और बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। नारियों की अस्मत दिन दहाड़े लूटी जा रही है, पूरा प्रदेश खौफजदा है।और योगी जी चैन की बंशी बजा रहे हैं। उनका अपराध के मामले में जीरो टालरेंस‌का दावा झूठा है। अपराधी सत्ता, पुलिस के दावे के विपरित सीने पर चढ़कर गोली मारी रहे हैं।‌जनता पूरी तरह से डरी सहमी है। पुलिस और सरकार से जनता का भरोसा पूरी तरह से उठ चुका है। उन्होंने जनपद में हुई निशा विश्वकर्मा और विनीत राय की हत्या पर भी आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के साथ इंसाफ होना चाहिए और हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी।

अध्यक्ष डॉ नन्दलाल बिंद ने कहा कि प्रदेश की जनता में भय व्याप्त है। यह सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था के सवाल पर नाकाम साबित हुई है। योगी जी की केवल जुवां हिल रही है,उनकी कलम अपराधियों के खिलाफ नहीं चल रही है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से पुर्व मंत्री चौधरी लालता प्रसाद निषाद, समाजवादी पार्टी के पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सीपीआई के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य अमेरिका यादव,, रमेश यादव, रविन्द्र कुमार एडवोकेट, मुसाफिर बिंद,रामदरश बिंद, परशुराम बिंद, महेन्द्र बिंद, कन्हैया बिंद आदि उपस्थित थे। इस धरना प्रदर्शन का संचालन जगत मोहन बिंद एडवोकेट ने किया।

Post a Comment

0 Comments