गाजीपुर। छावनी लाइन स्थित तुलसीपुर में सोमवार की शाम जय मां राजकुमारी सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से परख पब्लिक केयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में साड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की 80 जरूरतमंद एवं असहाय महिलाओं को साड़ियां वितरित कर त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम में संस्था की उपाध्यक्ष सीता देवी एवं अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद कर समाज में आपसी सहयोग, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा समय-समय पर महिलाओं, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के लिए जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।जय मां राजकुमारी सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की संस्थापक ज्योति पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सहयोग के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं परख पब्लिक केयर ट्रस्ट की संस्थापक विभा पाल ने कहा कि हरियाली तीज एवं रक्षाबंधन के अवसर पर चलाए जा रहे सामाजिक सेवा अभियान के तहत आगे भी जरूरतमंद महिलाओं और परिवारों की सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और सहयोग देना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। साड़ी पाकर महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लाभार्थी महिलाओं ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार जताया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी सामाजिक संस्थाओं की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और महिला सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी जरूरतमंद महिलाओं एवं परिवारों के लिए विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


0 Comments