अपने सालगिरह पर सुजीत ‘साइकिल’ ने पेश की नई मिसाल

 सालगिरह पर सुजीत ‘साइकिल’ ने पेश की नई मिसाल

केक और पार्टी से दूरी, पक्षियों के लिए दाना-पानी व पौधारोपण कर दिया समाज को संदेश

गाजीपुर/नन्दगंज। आधुनिक दौर में जहां शादी की सालगिरह का मतलब महंगी पार्टियां, केक कटिंग और दिखावा बनता जा रहा है, वहीं अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा एवं पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक विकास महासंघ गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल और समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ को सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के नाम समर्पित कर एक नई मिसाल पेश की।

सालगिरह की शुरुआत दोनों ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद मंदिर पहुंचकर भगवान का दर्शन-पूजन किया और परिवार के सुख-समृद्धि के साथ समाज में खुशहाली की कामना की। दिनभर उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के शुभचिंतकों, बुजुर्गों और समर्थकों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस खास अवसर पर ना तो कोई भव्य आयोजन किया गया और ना ही केक काटा गया। इसके बजाय बेसहारा पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर जीव सेवा का संदेश दिया गया। साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

सुजीत साइकिल ने कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण अवसर केवल उत्सव और खर्च तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि समाज और प्रकृति के हित में भी उनका उपयोग होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि हर परिवार अपने जन्मदिन या शादी की सालगिरह पर पौधारोपण करे और जरूरतमंदों की सहायता करे तो समाज में सकारात्मक बदलाव तेजी से दिखाई देगा।

क्षेत्र में यह अनोखी सालगिरह चर्चा का विषय बनी रही। लोगों ने इसे सामाजिक जागरूकता और प्रकृति प्रेम से जुड़ी प्रेरणादायक पहल बताया।

गौरतलब है कि सुजीत साइकिल पूर्व में भी दहेज प्रथा, नशामुक्ति और तेरही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाते रहे हैं। सामाजिक सरोकारों को लेकर उनकी सक्रियता क्षेत्र में अलग पहचान रखती है।

इस दौरान पूर्व डीआईजी बलिकरन यादव, प्रधान रामज्ञान यादव, रामध्यान यादव, सपा नेता सूरज राम बागी बिंद, फारुख अहमद, रामबृक्ष राम समेत कई गणमान्य लोगों से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

Post a Comment

0 Comments