7 जून को 7 मिनट में 651 नारियल तोड़कर दुनिया को चुनौती देंगे धर्मेन्द्र राजभर

 धर्मांगतापुर में बनेगा विश्व रिकॉर्ड का इतिहास!


7 जून को 7 मिनट में 651 नारियल तोड़कर दुनिया को चुनौती देंगे धर्मेन्द्र राजभर ।


गाजीपुर। धर्मांगतपुर के आदर्श इंटर कॉलेज के विशाल मैदान में आगामी 7 जून को ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जो शायद पहले कभी नहीं देखा गया। क्षेत्र के युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी धर्मेन्द्र राजभर 7 मिनट में 651 नारियल तोड़कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का ऐतिहासिक प्रयास करेंगे। इस अनोखी प्रतियोगिता को लेकर पूरे इलाके में जबरदस्त उत्साह और चर्चा का माहौल है।

धर्मेन्द्र राजभर ने दावा किया है कि उनकी यह उपलब्धि केवल जिले या प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करेगी। उन्होंने दुनिया भर के खिलाड़ियों को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति उनसे अधिक नारियल तोड़कर उनका रिकॉर्ड तोड़ देता है, तो उसे ₹20 लाख नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल इनाम स्वरूप दी जाएगी। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया से लेकर गांव-गांव तक इस प्रतियोगिता की चर्चा तेज हो गई है।कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई सम्मानित जनप्रतिनिधियों, प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों और भावी प्रत्याशियों ने भाग लिया। बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक में प्रमुख रूप से आकाश राजभर, संजय राजभर सहित क्षेत्र के अनेक वर्तमान एवं पूर्व प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की पहचान बनेगा और हजारों लोगों की मौजूदगी में ऐतिहासिक रूप लेगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। सुरक्षा व्यवस्था, मंच सज्जा, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था तथा मीडिया कवरेज को लेकर भी विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धर्मेन्द्र राजभर का यह साहस और जुनून युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।

अब सबकी निगाहें 7 जून पर टिकी हैं, जब धर्मांगदपुर की धरती पर विश्व रिकॉर्ड बनने का गवाह पूरा क्षेत्र बनेगा।

Post a Comment

0 Comments