क्वान की डो मार्शल आर्ट्स में गौतम स्पोर्ट्स अकादमी बनी विजेता

गौतम स्पोर्ट्स अकादमी को विजेता, ग्लोइंग स्टार अकादमी को उपविजेता, जबकि बाल योद्धा अकादमी को मिला रनर ट्रॉफी

सेंट जेवियर्स हाई स्कूल गाजीपुर की टीम रही चौथे स्थान पर

सैदपुर (गाजीपुर) : रविवार को देर रात तक चले क्षेत्र के गैबिपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के इंडोर हॉल में आयोजित चतुर्थ जिला स्तरीय क्वान की डो प्रतियोगिता में मेजबान टीम गौतम स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक एवं बालिका वर्गों में कुल 23 स्वर्ण, 11 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

ग्लोइंग स्टार स्पोर्ट्स अकादमी, गाजीपुर की टीम ने 16 स्वर्ण और 4 रजत पदक जीतकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बाल योद्धा मार्शल आर्ट्स अकादमी, सैदपुर के खिलाड़ियों ने 12 स्वर्ण और 6 रजत पदक जीतकर तृतीय स्थान हासिल किया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया।

सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, गाजीपुर की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-4 में जगह बनाई। इस विद्यालय के 7 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक तथा 2 खिलाड़ियों ने रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

जिला क्वान की डो संघ के सचिव एवं प्रतियोगिता निदेशक अब्दुल खान ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिला टीम में शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी एवं सरस्वती विद्या मंदिर, सैदपुर के चेयरमैन डा. पी.एन. सिंह ने हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया । अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि क्वान की डो, बॉक्सिंग और ताईक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट्स खेलों से बालिकाओं में आत्मरक्षा की भावना विकसित होती है। वे किसी भी परिस्थिति में स्वयं एवं दूसरों की रक्षा करने में सक्षम बनती हैं, साथ ही इन खेलों को अपने कैरियर के रूप में चुनकर भविष्य बना सकती हैं जिसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि इस अकादमी के दर्जन भर से ज्यादा खिलाड़ी सरकारी नौकरीयों में भर्ती हो चुके हैं । डा. पी.एन. सिंह ने ऐसे खेलों को बढ़ावा देने के लिए अकादमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह "बन्टी" की प्रसंशा की ।

इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य उमेश केसरी (वाराणसी), कुशवाहा (गाजीपुर), खुशी मोदनवाल (सैदपुर) और मोनी पाल (चकिया नेवादा) को सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता के विभिन्न उम्र एवं भार वर्गों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रीड़ा भारती, गाजीपुर जिला इकाई के उपाध्यक्ष डा. सचिदानंद सिंह "सचिन" , जिला मंत्री अभय सिंह “टन्नी”, सहमंत्री जयशंकर यादव, तथा मातृशक्ति की जिला सह प्रमुख डा. सुधा सिंह ने प्रमाणपत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर यू.पी. कॉलेज वाराणसी के पूर्व छात्र नेता एवं जिला क्वान की डो संघ वाराणसी के अध्यक्ष विवेकानंद सिंह "विवेक" ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। विवेकानंद सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन, राज्य सरकार के मिशन शक्ति अभियान से जुड़ चुकी है, और इसी अभियान को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जिले की 6 टीमों के कुल 200 खिलाड़ियों, जिनमें अधिकांश बालिकाएँ थीं, ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर जिला क्वान की डो संघ, मऊ के अध्यक्ष श्रवण कुमार चौहान, उपाध्यक्ष सुशील सिंह, जिला सचिव सुंदरम दुबे, संयुक्त सचिव संजय चौहान, कमलेश मिश्रा, बिपिन कुशवाहा, गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के वरिष्ठ सदस्य विन्देश्वरी सिंह, शिवम दुबे, गौतम सेवा फाउंडेशन की कोषाध्यक्ष प्रिया सिंह, एकेडमी की कार्यालय प्रमुख अल्का मौर्या, बॉक्सिंग कोच जयहिंद यादव, तथा ताइक्वांडो कोच विशाल कुमार उपस्थित रहे। अंत में गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह “बंटी” ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments