पुनीता सिंह खुशबू ने कहा- प्रत्येक जरूरतमंद को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रहेगा जोर ।
गाजीपुर/नंदगंज। ब्लॉक देवकली के ग्राम सभा बेलसड़ी में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू रहीं। शिविर का आयोजन देवकली चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार अभिषेक यादव बिट्टू की ओर से किया गया।
इस दौरान पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर चिकित्सा क्षेत्र को और अधिक विस्तार देने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के जरूरतमंद लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से लोगों को प्रारंभिक जांच और बीमारी की जानकारी समय से मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। समय-समय पर नेत्र परीक्षण कराने से कई गंभीर समस्याओं की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है।
आयोजक एवं देवकली चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार अभिषेक यादव बिट्टू ने शिविर में पहुंचे सभी लाभार्थियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति के माध्यम से समाज की सेवा करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में बीडीसी चिंता बिंद और यादव महासभा के कार्यालय प्रभारी अजय प्रताप यादव का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर यादव महासभा एवं पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव 'साइकिल', बीडीसी प्रतिनिधि बनारसी बिंद, शिवदास यादव, रामदरश बिंद, अंगद यादव, पूर्व प्रधान की पत्नी संतरा देवी, प्रिंस यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

0 Comments