बलिया में वाराणसी की टीम का दबदबा, कॉम्बैट मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप में 8 गोल्ड और 3 सिल्वर मेडल
वाराणसी। बलिया जिले के नगरा में आयोजित फर्स्ट यूपी स्टेट कॉम्बैट मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में वाराणसी की विश्वकर्मा मार्शल आर्ट्स टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 8 स्वर्ण और 3 रजत पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में टीम के सीनियर कोच संदीप प्रजापति ने मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली, जबकि अखिल मौर्य ने टीम मैनेजर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की तैयारी और प्रतियोगिता में प्रदर्शन विश्वकर्मा मार्शल आर्ट्स के निदेशक रमाशंकर विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में निमिषा कनौजिया, तनिषा कनौजिया, रेयान अंसारी, करण भारद्वाज, जानवी त्रिपाठी, अंकित सिंह, अंश सिंह, रत्ना राज, वान्या राज और वैध श्रीवास्तव शामिल रहे। टीम के शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ियों के माता-पिता, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी। अभिभावकों ने बच्चों को आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए सफलता के नए मुकाम हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। विश्वकर्मा मार्शल आर्ट्स की टीम की इस उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की सफलता ने न केवल उनके परिवार और गुरुजनों का मान बढ़ाया, बल्कि वाराणसी का गौरव भी पूरे प्रदेश में बढ़ाया है।

0 Comments