गाजीपुर। (करंडा) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की धर्म पत्नी एवं मैनपुरी की सांसद डिम्पल यादव के जन्मदिवस के अवसर पर करण्डा ब्लॉक में समाजवादी विचारधारा की झलक सेवा और सांस्कृतिक आयोजन के रूप में देखने को मिला। करण्डा ब्लॉक अध्यक्ष रामआशीष यादव के आयोजन पर ग्राम सभा कटरिया में असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, वहीं लड्डू–खिचड़ी को प्रसाद स्वरूप वितरित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की विशिष्ट पहचान समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह ‘खुशबू’ की सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने अपने संबोधन में पीडीए समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ही पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की सच्ची आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर वर्ष 2027 में समाजवादी सरकार का रास्ता प्रशस्त करें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जय किशन साहू रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में यादव महासभा एवं पिछड़ा दलित विकास महासंघ के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने सामाजिक न्याय और राजनीतिक चेतना पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम प्रभारी इस्लामवाद के प्रधान रामज्ञान सिंह यादव के कर-कमलों से कंबल वितरण कराया गया। इस दौरान डिम्पल यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना भी की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। गायक रजनीकांत की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को समाजवादी रंग में रंग दिया और उपस्थित जनसमूह उत्साह से झूम उठा। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन अनिल यादव ने किया।
इस अवसर पर सेक्टर प्रभारी रवि यादव, सिंहासन यादव, अवधेश यादव, रामकेवल यादव, गौड़ समाज के नेता रमेश गौड़, उपेन्द्र यादव, हरिकेश यादव सहित बड़ी संख्या में पीडीए समाज के लोग, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सामाजिक सेवा और राजनीतिक संघर्ष को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

0 Comments