सुजीत यादव साईकिल के घर‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में सांसद अफजाल अंसारी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश।

महंगाई और निजीकरण पर सरकार को घेरा, संगठन मजबूत करने का आह्वान।

बाघी में ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में सांसद अफजाल अंसारी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

गाजीपुर/नन्दगंज। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा बाघी में आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम का आयोजन यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष एवं सपा के सक्रिय नेता सुजीत यादव “साइकिल” के निवास पर किया गया, जहां उन्होंने कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को जोड़ा।
सांसद ने अपने संबोधन में महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और सरकारी संपत्तियों के निजीकरण जैसे मुद्दों पर केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई की मार से जूझ रहा है और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि ने गरीब और मध्यम वर्ग का बजट बिगाड़ दिया है। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने सरकारी संपत्तियों के निजीकरण का भी कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि रेलवे, ट्रेन सेवाओं और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में सौंपना देशहित के खिलाफ है। इससे जहां आम जनता को महंगी सेवाओं का सामना करना पड़ेगा, वहीं युवाओं के रोजगार के अवसर भी सीमित होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी नीतियां भविष्य में आर्थिक असमानता को और बढ़ा सकती हैं।
इस दौरान सांसद ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने पर जोर देते हुए अखिलेश यादव का जिक्र किया और कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज की एकता को आगामी चुनावों में निर्णायक बताते हुए इसे मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सुजीत यादव “साइकिल” की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने न केवल कार्यक्रम का सफल आयोजन कराया, बल्कि यादव महासभा एवं अन्य सामाजिक संगठनों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को जोड़कर संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन भी किया। सांसद ने उनकी पीठ थपथपाते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें जमीनी स्तर का मजबूत नेता बताया।
कार्यक्रम के दौरान यादव महासभा गाजीपुर, पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक विकास महासंघ उत्तर प्रदेश एवं शौर्य सैनिक संगठन के कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों सपा समर्थकों ने सांसद का भव्य स्वागत किया। सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू ने अतिथियों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक रजनीकांत यादव और भगवान दास ने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां देकर माहौल को भावनात्मक बना दिया।
अपने संबोधन के अंत में सांसद ने जोशपूर्ण अंदाज में कहा, “सरकार बनने जा रही है, इसलिए अभी से कमर कस लें और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें।” उन्होंने हर कार्यकर्ता से गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व डीआईजी बलिकरन यादव, जिला पंचायत सदस्य फेकू यादव, मुन्नन सिंह, परशुराम बिंद, बलराम पटेल, किसान नेता रामाश्रय यादव, विधानसभा अध्यक्ष तहसीन अहमद, ब्लॉक अध्यक्षगण सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments