5 स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान :-
गाजीपुर :- दिनांक 1 से 3 मई तक कानपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गैबिपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीतकर एक बार पुनः जनपद का मान बढ़ाया है ।
इस प्रतियोगिता में एकेडमी के प्रशिक्षित खिलाड़ियों हर्ष प्रताप सिंह, देवांश प्रताप सिंह, यश प्रजापति, प्रिंस कुशवाहा एवं नब्या यादव ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया । वहीं आकाश यादव एवं आयुषी सिंह ने रजत पदक तथा आशुतोष राजभर, आर्यन राजभर, आकाश कुमार एवं तेजस्विनी प्रजापति ने कांस्य पदक हासिल किया ।
जनपद वापसी पर बुधवार को पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेता आदरणीय रामतेज पांडेय ने खिलाड़ियों को माला पहनाकर एवं पदक देकर सम्मानित किया ।
अपने संबोधन में श्री पांडेय ने कहा कि गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है । उन्होंने कहा कि यहां के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं । साथ ही कई खिलाड़ियों का चयन भारतीय थल सेना, उत्तर प्रदेश पुलिस, आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी एवं भारतीय खेल प्राधिकरण के छात्रावासों में भी हुआ है ।
एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने कानपुर प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन के लिए एकेडमी के ताइक्वांडो कोच विशाल कुमार की सराहना की । श्री सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी पांचों खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश टीम में हुआ है, जो आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे ।
इस अवसर पर डॉ. सचिन सिंह, शिवम दुबे, जयशंकर यादव, जितेंद्र यादव, नीरज यादव, बिपूज कुशवाहा, डॉ. सुधा सिंह, सरिता यादव, ममता यादव, संजय कुमार, शिवपूजन राम, ओंकार बिंद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।


0 Comments