मंगलवार को पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चला
सैदपुर।मंगलवार को पुलिस द्वारा रामकरन पुल पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 15 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने इधर से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान कारों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म की जांच की गई और नियमों के विपरीत पाई गई कुछ वाहनों की ब्लैक फिल्म चेतावनी देकर मौके पर ही हटवाई गई। इसके अलावा बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले चालकों तथा एक बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल मिलाकर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में 15 वाहनों का चालान किया।सैदपुर कोतवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आती है, बल्कि लोगों का जीवन भी सुरक्षित रहता है। कोतवाल ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपने वाहनों में अवैध ब्लैक फिल्म न लगाने और निर्धारित मानकों का पालन करने की सलाह दी।इस मौके पर चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय,प्रभाकर मिश्रा,अमित सिंह,
धर्मेंद्र कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

0 Comments